मेक्सिको के सुपरमार्केट में विस्फोट और आग से मचा कहर, 23 की मौत, 12 गंभीर रूप से घायल
मेक्सिको (आरएनआई) मेक्सिको के सोनोरा राज्य की राजधानी हर्मोसिल्लो में शनिवार को एक सुपरमार्केट में हुए भीषण विस्फोट और आग ने पूरे शहर को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे का कारण गैस रिसाव बताया जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने सभी संभावनाओं की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा हर्मोसिल्लो के डाउनटाउन इलाके स्थित “वाल्डोज़” स्टोर में हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले एक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई। कई लोग अंदर फंसे रह गए और कुछ बाहर निकलने की कोशिश में बुरी तरह झुलस गए।
सोनोरा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में घटना की पुष्टि की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यह हमारे राज्य के लिए एक बेहद दुखद दिन है। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं।”
राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास चावेज ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अधिकतर मौतें विषैली गैसों के सेवन से दम घुटने के कारण हुईं। उन्होंने कहा कि “अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि यह आग जानबूझकर लगाई गई थी, लेकिन जांच में किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।”
घटना में घायल 12 लोगों को हर्मोसिल्लो के छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सरकार ने सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा — “मैं उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं जिन्होंने इस भयावह हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। राहत टीमें और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच चुकी हैं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।”
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कि स्टोर पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ था, और लोग जान बचाने के लिए बाहर भाग रहे थे। एक वीडियो में एक व्यक्ति को झुलसकर बाहर गिरते देखा गया, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्टोर और आसपास की इमारतों को भारी नुकसान हो चुका था। फिलहाल, गैस पाइपलाइन, इलेक्ट्रिकल शॉर्ट-सर्किट और सुरक्षा प्रोटोकॉल की विफलता जैसी संभावनाओं पर जांच जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



