दिल्ली ब्लास्ट केस: मेडिकल कॉलेज की पूर्व प्रवक्ता डॉ. शाहीन सईद की कहानी — नौकरी छोड़ने से गिरफ्तारी तक का सफर

Nov 12, 2025 - 10:01
 0  459
दिल्ली ब्लास्ट केस: मेडिकल कॉलेज की पूर्व प्रवक्ता डॉ. शाहीन सईद की कहानी — नौकरी छोड़ने से गिरफ्तारी तक का सफर

लखनऊ (आरएनआई)। दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार की गई डॉ. शाहीन सईद कभी कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग में प्रवक्ता रही हैं। सात साल तक शिक्षण कार्य करने के बाद वर्ष 2013 में उन्होंने बिना सूचना दिए कॉलेज छोड़ दिया था। लंबे समय तक लापता रहने के बाद उन्हें अब फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, डॉ. शाहीन ने प्रयागराज मेडिकल कॉलेज से 2003 में एमबीबीएस और 2005 में एमडी की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद लोक सेवा चयन आयोग के जरिए उनका चयन हुआ और उन्होंने अगस्त 2006 में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्रवक्ता के रूप में कार्यभार संभाला। वर्ष 2009-10 में उनका तबादला कन्नौज मेडिकल कॉलेज हुआ, लेकिन छह महीने बाद वे फिर कानपुर लौट आईं।

वर्ष 2013 में शाहीन अचानक कॉलेज से गायब हो गईं। बार-बार भेजे गए नोटिसों का कोई जवाब न मिलने पर कॉलेज ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की। अंततः वर्ष 2021 में शासन ने उन्हें बर्खास्त कर दिया। बर्खास्तगी के बाद शाहीन ने कॉलेज को एक आवेदन भेजकर अनुभव प्रमाणपत्र मांगा था, जिसमें उन्होंने अपना पता डॉ. परवेज सईद, असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के रूप में दिया था।

शाहीन की निजी जिंदगी भी उतार-चढ़ाव भरी रही। उनके पूर्व पति डॉ. हयात जफर, जो पीएमएस के नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं, से उन्होंने वर्ष 2015 में तलाक ले लिया। परिवार वालों के अनुसार, शाहीन शुरू से ही पढ़ाई में तेज और डॉक्टर बनने के लिए समर्पित थीं। मां की बीमारी के दौरान डॉक्टरों की सेवा भावना से प्रेरित होकर उन्होंने यह पेशा चुना था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शाहीन का स्वभाव सरल था और वह समाज सेवा करना चाहती थीं। कई लोगों को अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि वह किसी संदिग्ध या आतंकी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती हैं। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि उनका “माइंडवॉश” किया गया हो सकता है।

खुफिया एजेंसियों के अनुसार, शाहीन कुछ समय के लिए दिल्ली में भी काम कर चुकी थीं, और उनके सहारनपुर कनेक्शन भी सामने आए हैं। हाल ही में 6 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित अस्पताल से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। आदिल की गिरफ्तारी के बाद ही मुअज्जिम नामक व्यक्ति का खुलासा हुआ, जिसने पूछताछ में डॉ. शाहीन से जुड़ी जानकारी दी।

अब खुफिया एजेंसियां यह जांच रही हैं कि शाहीन किन लोगों के संपर्क में थीं, और उन्होंने किन-किन स्थानों पर काम किया। साथ ही, उनके पूर्व पति डॉ. परवेज सईद से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच चल रही है।

डॉ. शाहीन की गिरफ्तारी ने मेडिकल जगत और अकादमिक समुदाय दोनों को झकझोर दिया है, क्योंकि एक समय की होनहार शिक्षिका का नाम अब आतंकी जांच से जुड़ने के बाद कई सवाल खड़े कर रहा है — आखिर वह डॉक्टर से इस राह पर कैसे पहुंची?

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.