कलेक्टर की अध्यक्षता में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक सम्पन्न
पेट्रोल पंपों पर गुणवत्ता, सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाएं हों प्राथमिकता — कलेक्टर
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक आयोजित हुई। प्रदेशभर में पेट्रोल व डीजल की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र यह बैठक बुलाई गई थी, जिसमें पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर संग्रहित पेट्रोल व डीजल की गुणवत्ता, डेंसिटी एवं स्टॉक की नियमित जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। उपभोक्ताओं के हित में सभी पेट्रोल पंपों पर फिल्टर पेपर, डेंसिटी चार्ट तथा 5 लीटर माप की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा प्रत्येक पेट्रोल पंप पर निःशुल्क हवा की सुविधा उपलब्ध हो तथा कंप्रेसर हमेशा कार्यशील रहे। पेयजल व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो एवं पेट्रोल पंप परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। विशेष रूप से सभी पेट्रोल पंपों पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक व क्रियाशील शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य होगी और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की दृष्टि से जिन पेट्रोल पंप पर अच्छा काम किया जाएगा उनको 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा ।
अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंपों पर अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनके संचालन हेतु कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाया जाने के बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों पर नापतौल प्रमाण पत्र, विस्फोटक लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों के नवीनीकरण से जुड़े दस्तावेज, कंपनी से हुआ एग्रीमेंट व अन्य संबंधित दस्तावेज उपलब्ध रहना अनिवार्य होगा।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों ने भी अपने सुझाव साझा किए और बताया उपभोक्ता सुविधाओं व स्वच्छता के प्रति उनके स्तर से भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने भविष्य की संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा आगे चलकर पेट्रोल पंपों पर सीएनजी आपूर्ति और इलेक्ट्रिक चार्जिंग सुविधाएं भी विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया पेट्रोल पंप परिसर में बच्चों के खेलने के लिए खिलौनों या अन्य गतिविधियों की व्यवस्था की जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं के परिजन कुछ समय बच्चों के साथ वहां व्यतीत कर सकें।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडे, सेल्स ऑफिसर इण्डीयन ऑयल राहुल अहिरवार एवं सेल्स ऑफिसर नायरा वरूण मिश्रा सहित जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहेl
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



