बुजुर्ग दंपत्ति से डकैती केस सुलझा: दो गिरफ्तार, नकदी-जेवर सहित हथियार बरामद

May 5, 2026 - 15:35
May 5, 2026 - 15:35
 0  432
बुजुर्ग दंपत्ति से डकैती केस सुलझा: दो गिरफ्तार, नकदी-जेवर सहित हथियार बरामद

गुना (आरएनआई) मृगवास थानांतर्गत ग्राम बाकन्या में बुजुर्ग दंपत्ति के साथ हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आज मीडिया के सामने करते हुए दो आरोपियों को प्रस्तुत किया है।

 उल्लेखनीय है कि दिनांक 13 अप्रैल को तड़के सुबह मृगवास थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बाकन्या में एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर में लूट की घटना हुई है जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वहां पीड़ित वंकटदास बैरागी उम्र 65 वर्ष ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल की रात करीब 2 बजे चार-पांच अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते घर में घुसे तथा मुझे तथा मेरी पत्नि को पकड़ लिया और हथियार दिखाकर दोंनों के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई और घर में रखे 01 लाख रूपये नगदी तथा पत्नि के पहने हुए जेबर कान के बाला सोने के, नाक का कांटा सोने का, पैरों पायल चांदी की तथा बिछूड़ी चांदी की, छीनकर भाग गए, जो सभी वारदात करने वाले आरोपी अपने मुंह पर कपडा बान्धे हुये थे।

पुलिस द्वारा घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया एवं तत्काल फरियादी वंकटदास बैरागी की रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध मृगवास थाने में अप.क्र. 38/26 धारा 310(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई ।

 जिले में इस सनसनी खेज डकैती की घटना को पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेकर अज्ञात आरोपी की शीघ्र पतारसी कर जिनकी गिरफ्तारी तथा लूटे गये माल की बरामदगी हेतु तत्काल पुलिस की विशेष टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए घटना स्थल एवं आस-पास के क्षेत्र का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्रों के लगभग एक सैकड़ा से अधिक लोगो से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की गई । साथ ही पिछले पांच दिनों में घटना स्थल के आसपास उपयोग हुए करीब 10 हजार मोबाईल नंबरों का गहनता से तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिनमें एक संदिग्ध नंबर चिन्हित हुआ, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा उस मोबाईल नंबर धारक रामधन पुत्र हीरालाल कंजर उम्र 26 साल निवासी चिंता का डेरा ग्राम बिरयाई थाना कुम्भराज जिला गुना को 04 मई को हिरासत लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा संदेही रामधन कंजर से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी मनोहर कंजर सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर डकैती की उक्त घटना करना स्वीकार किया, जिसने बताया कि घटना के दो दिन पहले वह लोग शिकार करने के लिए ग्राम बाकन्या तरफ गए हुए थे, इस दौरान बाकन्य गांव के बाहर रोड़ पर मकान बना हुआ दिखा था, उस दिन उनके द्वारा मकान के आसपास घूमकर देखने पर पता चला था कि उस मकान में बुजुर्ग पति पत्नि अकले ही रहते हैं और फिर दो दिन बाद12 अप्रैल की रात में योजनाबद्ध तरीके से उस मकान में घटना को अंजाम दिया था। 

               इसके उपरांत पुलिस द्वारा आरोपी रामधन कंजर को प्रकरण में गिरफ्तार कर उसके अन्य साथियों की तलाश शुरू की गई और जिनकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा सघन दविशें दी गईं, जिसके परिणामस्वरूप 04 मई को ही एक और आरोपी मनोहर उर्फ मनोरिया पुत्र तोरण कंजर उम्र 25 साल निवासी धाम का डेरा ग्राम बिरयाई थाना कुंभराज जिला गुना को भी गिरफ्तार कर लिया गया ।

पुलिस द्वारा आरोपियों की निशादेही से लगभग 15,000/-रुपये नगद, सोने की नाक की बाली, चांदी की बिछुड़ी (एक जोड़ी), चांदी की पायल (एक जोड़ी), घटना में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल, ताला तोड़ने के औजार सहित एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है ।

डकैती की इस सनसनीखेज घटना का शीघ्रता से खुलाशा करने में डीएसपी आनंद राय के नेतृत्व में मृगवास थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाह, चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि राजेश भिलाला सहित पुलिस लाईन से उपनिरीक्षक गोपाल चौबे, सउनि महेन्द्र सिंह चौहान एवं पुलिस लाइन की टीम ओर साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी तथा 

विशेष टीम से आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक आदित्य सिंह कौरब की महत्‍वपूर्ण भूमिका रही है ।

               गुना पुलिस द्वारा त्वरित, सुनियोजित एवं तकनीकी आधार पर की गई जांच से न केवल गंभीर अपराध का सफल खुलासा हुआ, बल्कि लूटा गया माल भी बरामद किया गया ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0