हरदोई में सनसनी: 8 दिन से लापता भाजपा बूथ अध्यक्ष का तालाब से मिला शव, हत्या की आशंका पर भड़का जनाक्रोश
हरदोई (आरएनआई) अमन और सुकून की पहचान रहा शाहाबाद शुक्रवार को खून के आंसुओं में डूब गया। 8दिन पहले नगर के वियर वार के पास झगड़े और मारपीट के बाद लापता हुए भाजपा बूथ अध्यक्ष शैलेन्द्र उर्फ़ गौरी का शव शाहाबाद कोतवाली से महज़ 200 मीटर दूर निवाज़बाड़ी तालाब की जलकुंभी में दबा बरामद हुआ। शव देखकर नगरवासियों की रूह कांप उठी और पूरा कस्बा ग़ुस्से से भर गया।
परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि बेरहमी से की गई हत्या है। शैलेन्द्र को मारकर रस्सियों से बाँधकर तालाब में फेंक दिया गया। पिता ने शुरू से ही अपहरण की आशंका जताई थी मगर पुलिस ने उनकी पुकार को नज़रअंदाज़ कर दिया। शव मिलने के बाद माँ बेसुध होकर बार-बार यही चीखती रही—“मेरा लाल लौटा दो, हमें बेटे की मौत का हिसाब चाहिए, हमें इंसाफ चाहिए।” उनकी करुण पुकार सुनकर हर किसी की आँखें नम हो उठीं।
शव मिलने की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग तालाब किनारे जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ़ नारेबाज़ी शुरू कर दी। भीड़ लगातार गूँजती रही—“ख़ून के क़र्ज़ का हिसाब दो, ज़ालिमों की हिफ़ाज़त करने वालों का पर्दाफ़ाश करो।” नगरवासियों का कहना था कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्ती की होती तो शैलेन्द्र की जान बच सकती थी।
भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। हालात संभालने के लिए उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य नेता मौके पर पहुँचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच व आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन आक्रोशित भीड़ ने सत्ता पक्ष के नेताओं के खिलाफ़ भी आक्रोशित दिखाई दिए ।
शव मिलने के बाद शाहाबाद को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। दर्जनभर थानों की फोर्स, सैकड़ों पुलिसकर्मी और कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को तालाब से निकालकर पंचनामा भर कड़ी सुरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश ने घटना की जानकारी देते हुए कहा—
“21/22 अगस्त को वियर वार में मारपीट की घटना हुई थी, उसके बाद शैलेन्द्र गायब हो गया। उसी दिन चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आज उसका शव निवाज़बाड़ी तालाब से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने नामजद दो लोगों को हिरासत में लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



