बारिश होते ही तालाब में तब्दील हो जाती शाहाबाद की 'बेझा रोड', गंदे नाले का पानी सड़क पर भरने से मार्ग हो जाता है ठप, नगरपालिका बनी मूकदर्शक
हरदोई (आरएनआई) नगर की व्यस्त और मुख्य मार्गों में शामिल ‘बेझा रोड’ इन दिनों जलभराव और गंदगी की वजह से जनजीवन को संकट में डाल रही है। बरसात होते ही सड़क पर गंदे नाले का पानी भर जाता है, जिससे यह मार्ग तालाब जैसा नज़र आने लगता है। स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि वासितनगर की ओर जाने वाला मार्ग लगभग पूरी तरह बंद हो जाता है।
यह समस्या कोई तात्कालिक नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी है। नगर पालिका की अनदेखी के चलते इस मार्ग पर जल निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। नाला की नियमित सफाई नहीं होती और सड़क का स्तर भी बेहद नीचा है, जिससे हल्की बारिश में ही पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है। जिसके कारण दुकानदारों के अलावा छात्र-छात्राएं और राहगीर परेशान हो जाते हैं।
बेझा रोड से आदर्श राष्ट्रीय इंटर कालेज के अलावा कई स्कूलों का रास्ता गुजरता है, ऐसे में स्कूल टाइम में बारिश होने से छात्र छात्राओं को गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। शिक्षा की खातिर छात्र छात्राये फिसलकर गिरने को मजबूर हैं। यह स्थिति न केवल शिक्षा पर असर डाल रही है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनती जा रही है। कीचड़ और बदबू से लोग परेशान हैं, पर नगरपालिका का रवैया पूरी तरह से उदासीन है। इस समस्या पर इसी रोड पर दुकान रखें व्यवसायी राममोहन वाजपेई ने बताया कि, " नगरपालिका सिर्फ दिखावटी कार्रवाई करती है।" वहीं कई छात्र छात्राओं ने बताया कि "स्कूल जाते हुए जूते गीले हो जाते हैं, कई बार गिर चुके हैं, लेकिन कोई अधिकारी देखने नहीं आता।"बरसात के दौरान बेझा रोड पर गंदे नाले का पानी सड़क पर भर जाने से लोगों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ता है या वैकल्पिक लम्बे रास्ते अपनाने पड़ते हैं। ऐसे नगरपालिका प्रशासन की चुप्पी से नाराज़ जनता का आरोप है कि शिकायतें करने के बाद भी न कोई स्थलीय निरीक्षण हुआ और न ही कोई स्थायी समाधान। जनता का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने को तैयार है।नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गंदे नाले की सफाई, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। वासितनगर मार्ग की अवरुद्ध स्थिति को देखते हुए त्वरित हस्तक्षेप ज़रूरी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



