हेमा मालिनी से निराश मथुरा रिफाइनरी श्रमिकों ने सांसदों को लिखी चिट्ठी, आंदोलन पांचवें दिन भी जारी
मथुरा (आरएनआई) सांसद हेमा मालिनी के समक्ष हस्तक्षेप याचिका के बाद मथुरा रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों की ओर से पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन ने देश के सभी लोकसभा सदस्यों को पत्र लिखकर श्रमिकों के पारिश्रमिक की लूट पर रोक के लिए सेवा सुरक्षा का तंत्र विकसित कराने का अनुरोध किया है । पत्र में कहा गया है कि भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के अपवित्र गठजोड़ ने मथुरा रिफाइनरी को काले धन की फैक्ट्री बना दिया है जिसे कभी इंदिरा गांधी जी ने आधुनिक मंदिर कहा था । पत्र में कहा गया है कि मथुरा रिफाइनरी के वर्तमान कार्यकारी निदेशक द्वारा मजदूरों की समस्याओं के प्रति बरती जा रही उदासीनता से जाहिर है कि पारिश्रमिक की लूट को उनकी सम्मति है । पत्र में कहा गया है कि प्रतिमाह पारिश्रमिक की अवैध वापसी से बड़ी मात्रा में काला धन सृजित होता है जिससे राष्ट्र और समाज को क्षति होती है । यह अपराध घोर अमानवीय है जिसने मजदूरों को अर्धदासत्व की स्थिति में ला दिया है जिसके चलते हाल ही में एक मजदूर को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा था किंतु ठेकेदारों और अधिकारियों ने मामले को अपनी कुटिलता से दबा दिया है । पत्र में स्टेटिक और नॉन स्टेटिक के असंवैधानिक वर्गीकरण को समानता के अधिकार का उल्लंघन और मानव अधिकारों का हनन कहा गया है । यूनियन ने लोकसभा सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे पेट्रोलियम मंत्रालय और आईओसीएल से रिफाइनरी मजदूरों की समस्या का निराकरण करने हेतु पहल करें । पत्र में मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के समक्ष रखी हस्तक्षेप याचिका का भी हवाला दिया गया है कि उनकी ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यूनियन के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट सचिव जनक सिंह और टाउनशिप उपशाखा के अध्यक्ष दिलीप दुबे के हस्ताक्षरों से सभी पत्र रजिस्टर्ड डाक से प्रेषित किए जा रहे हैं।
यूनियन अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट ने कहा कि शीघ्र ही मथुरा शहर में जन समर्थन यात्रा आयोजित की जाएगी और इस विषय में सर्वदलीय बैठक भी आहूत की जाएगी ।
आंदोलन के पांचवे दिन भी रिफाइनरी मजदूरों ने प्लांट, टाउनशिप, एम आर अस्पताल और स्वर्ण जयंती हॉस्पिटल में काली पट्टी बांधकर काम किया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



