होली से पहले मिलावट के खिलाफ सख्ती, लखनऊ समेत कई जिलों में बड़ी कार्रवाई
लखनऊ (आरएनआई) होली के त्योहार से पहले प्रदेश में मिलावटखोरों पर शिकंजा कस दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू करते हुए लखनऊ सहित कई जिलों में छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थ पकड़े गए। यह विशेष अभियान 19 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।
विभाग द्वारा निर्माण इकाइयों, पैकर्स, रिलेबलर्स, कोल्ड स्टोरेज, अस्थायी भट्टियों और संबंधित मंडियों में सुनियोजित कार्ययोजना के तहत खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच की गई। जांच के दौरान विशेष रूप से खोया, घी, वनस्पति, गुझिया, नमकीन, रंगीन कचरी, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामले सामने आए।
लखनऊ में की गई कार्रवाई के दौरान 23,893 किलो रंगीन कचरी और हल्दी को सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 1,320 किलो खजूर मानव उपभोग के योग्य न पाए जाने पर नष्ट कराए गए, जिनकी कीमत करीब 2.64 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही 750 लीटर मिलावटी सरसों का तेल और राइस ब्रान ऑयल, कृत्रिम रंग और एसेंस के नमूने लिए गए, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग एक लाख रुपये है। संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह कानपुर नगर में नकली घी के एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर लगभग 54.5 लाख रुपये मूल्य का कुकिंग घी जब्त किया गया। एक व्यापारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा जिले के अन्य प्रतिष्ठानों से करीब 13,972 लीटर खाद्य तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 18.15 लाख रुपये है, सीज किया गया। वहीं 1,380 किलो रंगीन कचरी भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 87,750 रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि होली के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)