गुना में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 9,09,016 मतदाता दर्ज
गुना(आरएनआई) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए गुना जिले में 21 फरवरी को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कुमार कन्याल ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर मतदाता सूची के प्रकाशन संबंधी विस्तृत जानकारी दी और अंतिम सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उन्हें सौंपी। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सभी दलों से सहयोग की अपील भी की।
विशेष पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 1224 मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन कराया गया। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूर्ण कराई। प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 9,09,016 हो गई है, जबकि प्रारूप प्रकाशन के समय यह संख्या 8,97,396 थी। फार्म-6 के माध्यम से 16,934 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13,092 युवा मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 4,242 है। प्रकाशित सूची में ईपी रेशो 57.54 और जेंडर रेशियो 914.34 दर्ज किया गया है। बैठक में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में देखी जा सकती है। इसके अलावा यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश, भारत निर्वाचन आयोग और गुना जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश जैन, इलेक्शन सुपरवाइजर विजय माथुर सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)