दून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली, सघन तलाशी के बाद राहत
देहरादून (आरएनआई)। दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की एक और धमकी मिलने से बुधवार के बाद गुरुवार को भी अफरा-तफरी मच गई। जिला जज को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा दिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और परिसर को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
यह धमकी ऐसे समय सामने आई जब इससे एक दिन पहले भी इसी तरह का ई-मेल मिलने पर करीब दो घंटे तक कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। लगातार मिल रही धमकियों ने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और न्यायालय में आने वाले आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के बाद अब देहरादून जिला न्यायालय को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
तलाशी के दौरान न्यायालय की सभी इमारतों, कक्षों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। बुधवार की तरह इस बार भी सर्च टीमों को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दोपहर करीब 12:30 बजे जांच पूरी होने के बाद टीमों ने बाहर आकर स्थिति सामान्य होने का संकेत दिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान न्यायालय का कामकाज पूरी तरह ठप रहा और परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जिला जज कार्यालय को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराकर सघन जांच कराई गई, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
धमकी भरे पत्र की भाषा और उसमें किए गए दावे भी गंभीर चिंता का विषय हैं। ई-मेल में लिखा गया था कि सुबह 11:15 बजे न्यायालय परिसर को बम से उड़ा दिया जाएगा और इमारत के भीतर सी-4 व नाइट्रेट से बने पांच बम पहले से लगाए गए हैं। पत्र में आत्मघाती हमले की भी धमकी दी गई थी। साथ ही उसमें तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण और ब्राह्मण वर्चस्व के विरोध जैसी बातें लिखी गई थीं तथा अंत में तमिल टाइगर ऑफ ईलाम और पाकिस्तान आईएसआई का उल्लेख किया गया था।
लगातार आ रही ऐसी धमकियों को लेकर पुलिस अब ई-मेल की तकनीकी जांच में जुट गई है। साइबर टीम के जरिए मेल भेजने वाले की पहचान और उसके इरादों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



