अमित शाह पर टिप्पणी का मामला: सुल्तानपुर कोर्ट में बयान दर्ज कराकर लौटे राहुल गांधी, अब 9 मार्च को सुनवाई
सुल्तानपुर (आरएनआई)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। अदालत में पेशी के बाद राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख तय की है, जिस दिन बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य पेश किए जाएंगे।
करीब आधे घंटे तक कोर्ट कक्ष के दरवाजे बंद रखकर दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान अदालत परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कोर्ट के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
राहुल गांधी इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर आए। एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी को लेकर उन्हें आज आखिरी मौका दिया गया था। इसी को देखते हुए दीवानी न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। पेशी से पहले डॉग स्क्वायड द्वारा पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई और एक एएसपी व चार सीओ समेत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
पूरा मामला कर्नाटक में हुई एक प्रेस वार्ता से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता विजय मिश्र ने दीवानी न्यायालय में मानहानि का परिवाद दायर किया था, जिसकी सुनवाई फिलहाल एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। राहुल गांधी इस मामले में 26 जुलाई 2024 को पहले भी अदालत में पेश हुए थे, लेकिन इसके बाद कई सुनवाई तिथियों पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज हुई। 19 जनवरी को गैरहाजिर रहने पर अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि बचाव पक्ष अदालत में क्या साक्ष्य पेश करता है और आगे की कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)