संसद मानसून सत्र: एयर इंडिया हादसे पर सरकार की सफाई: हम सच के साथ, संसद के दोनों सदन दो बजे तक स्थगित

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हो चुकी है और जैसा कि उम्मीद थी, सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। विपक्ष पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता के दावों, बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण, मणिपुर, चीन जैसे विषयों पर नारेबाजी कर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। 

Jul 21, 2025 - 13:46
 0  54
संसद मानसून सत्र: एयर इंडिया हादसे पर सरकार की सफाई: हम सच के साथ, संसद के दोनों सदन दो बजे तक स्थगित

नई दिल्ली (आरएनआई) तीन मनोनीत सदस्यों सहित पांच राज्यसभा सदस्यों ने सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। सदन ने अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और जून में अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना में शहीद हुए लोगों को भी श्रद्धांजलि दी। राज्यसभा ने कांग्रेस अध्यक्ष और विपक्ष के नेता मलिकार्जुन खरगे के साथ-साथ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राजीव शुक्ला और संगीता यादव को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, बीरेंद्र प्रसाद वैश्य (अजपा) और कणाद पुरकायस्थ (भाजपा) ने शपथ ली। तीन मनोनीत सदस्यों मीनाक्षी जैन, सी सदानंदन मास्टर और हर्षवर्धन श्रृंगला ने भी शपथ ली। सदन ने हाल ही में दिवंगत हुए पूर्व सदस्यों को भी श्रद्धांजलि दी। सी. पेरुमल, के. कस्तूरीरंगन, रोनाल्ड सापा तलौ, नेपालदेव भट्टाचार्जी, सुखदेव सिंह ढींडसा, थेन्नाला जी. बालकृष्ण पिल्लई और विजयकुमार रूपानी के लिए मृत्युलेख संदर्भ दिए गए थे।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'अगर वे (सरकार) चर्चा के लिए तैयार हैं, तो उन्हें विपक्ष के नेता को बोलने देना चाहिए। वह बोलने के लिए खड़े हुए हैं, इसलिए उन्हें बोलने दिया जाना चाहिए...'

मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'सवाल यह है कि रक्षा मंत्री को सदन में बोलने की अनुमति है, लेकिन विपक्ष के सदस्यों, जिनमें मैं भी शामिल हूं, जो विपक्ष का नेता हूं, को बोलने की अनुमति नहीं है। यह एक नया दृष्टिकोण है। परंपरा कहती है कि अगर सरकार की ओर से लोग बोल सकते हैं, तो हमें भी बोलने की जगह दी जानी चाहिए।'

नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, 'जांच अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही है। अगर आप प्रारंभिक रिपोर्ट देखें, तो आप पाएंगे कि पहले जब भी ब्लैक बॉक्स में थोड़ी सी भी क्षति होती थी, तो हम उसे विदेश भेज देते थे। हालांकि, पहली बार भारत ने इसे स्वतंत्र रूप से परखने का फैसला लिया है। किसी निश्चित निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए, हमें अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) एक विस्तृत, नियम-आधारित प्रक्रिया का पालन करता है और पूरी तरह से निष्पक्ष है। हालांकि, कई सवाल उठ सकते हैं और पश्चिमी मीडिया अपनी-अपनी बातें गढ़ सकता है, लेकिन हमारा दृष्टिकोण तथ्यों पर आधारित है। हम सच्चाई के साथ खड़े रहने और जो हुआ उसे उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर निचले सदन में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की। इससे पहले पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'चर्चा के एजेंडे पर फैसला करने के लिए 14.30 बजे बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी। सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन वे (विपक्षी सांसद) यहां (सदन के वेल में) विरोध कर रहे हैं। मानसून सत्र के पहले दिन इस तरह विरोध करना सही नहीं है।' लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।'

नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने एअर इंडिया दुर्घटना पर राज्यसभा को संबोधित किया।

लोकसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। विपक्षी नेता नारेबारी कर के सदन का वक्त बर्बाद न करें और चर्चा करें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.