वैशाली में स्ट्रांग रूम का CCTV बंद होने का वीडियो वायरल, RJD ने EVM से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

Nov 8, 2025 - 12:00
 0  189

वैशाली (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद अब वैशाली जिले में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। जिले के आर.एन. कॉलेज मतगणना केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि महनार विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम में लगाए गए CCTV कैमरे बंद हैं।

वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने चुनाव आयोग और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करते हुए आशंका जताई है कि सीसीटीवी कैमरे को जानबूझकर बंद किया गया है ताकि ईवीएम में छेड़छाड़ की जा सके और चुनाव परिणाम को प्रभावित किया जा सके।

वीडियो में एक व्यक्ति को मतगणना केंद्र के बाहर खड़ी गाड़ियों और वहां हो रही आवाजाही पर सवाल उठाते हुए सुना जा सकता है। राजद ने इस घटना को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए खतरा बताते हुए कहा कि जब मतगणना से पहले ही स्ट्रांग रूम की निगरानी बंद कर दी जाएगी, तो निष्पक्ष चुनाव पर भरोसा कैसे किया जा सकता है।

गौरतलब है कि वैशाली जिले में पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है और मतगणना 14 नवंबर को निर्धारित है। जिले की आठ विधानसभा सीटों के लिए दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां ईवीएम मशीनें सुरक्षित रखी गई हैं।

महनार विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। यहां जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष मैदान में हैं, जबकि उनका मुकाबला राजद प्रत्याशी इंजीनियर रविन्द्र सिंह से है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे के बंद होने का वीडियो सामने आने से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस वीडियो पर आधिकारिक बयान नहीं आया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राजद ने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव आयोग इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करता, तो यह लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरे का संकेत होगा। वीडियो के वायरल होने के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.