भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ WCL सेमीफाइनल का किया बहिष्कार, मुकाबला रद्द
भारत और पाकिस्तान के बीच 31 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना था। भारतीय टीम ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया है।
नई दिल्ली (आरएनआई) विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच गुरुवार को खेला जाना था। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलने से इनकार कर दिया। बता दें कि, मंगलवार को युवराज सिंह की अगुआई वाली भारत चैंपियंस टीम ने वेस्टइंडीज चैंपियंस को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच 31 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना था। हालांकि, शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सुरेश रैना जैसे दिग्गजों वाली भारतीय टीम ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया है। यह पहला मौका नहीं है जब भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया है। इससे पहले भारत ने लीग राउंड के दौरान पाकिस्तान से मुकाबले का बहिष्कार किया था और खेलने से इनकार कर दिया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में एबी डिविलियर्स की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस टीम ब्रेट ली की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम से 31 जुलाई को ही भिड़ेगी।
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिये पाकिस्तान और पीओके स्थिति आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था। भारत की इस जवाबी कार्रवाई में कई आतंकी मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने फिर हमले की कोशिश की थी, जिसे भारत ने नाकाम कर दिया था। इस्लामाबाद की कायराना हरकत के बाद टीम इंडिया ने पड़ोसी मुल्क के साथ किसी भी तरह के रिश्ते रखने से इनकार कर दिया था।
इस बीच ईजमाईट्रिप के संस्थापक और अध्यक्ष निशांत पिट्टी ने ट्वीट किया, 'हम टीम इंडिया, इंडिया चैंपियंस की वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहना करते हैं। आपने देश को गौरवांवित किया है। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सेमीफाइनल महज एक और मैच नहीं है। आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते। हम भारत के साथ खड़े हैं। हम ऐसे किसी भी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते, जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंधों को सामान्य बनाने का प्रयास करता हो।'
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



