बिहार में राजनीतिक समीकरण तेज: जदयू ने फिर नीतीश को नेता चुना, BJP में सम्राट चौधरी विधायक दल के नेता

Nov 19, 2025 - 13:33
 0  162
बिहार में राजनीतिक समीकरण तेज: जदयू ने फिर नीतीश को नेता चुना, BJP में सम्राट चौधरी विधायक दल के नेता

पटना (आरएनआई) बिहार की राजनीति में बुधवार को लगातार बैठकों और नया राजनीतिक समीकरण तय करने की गतिविधियां जारी रहीं। मुख्यमंत्री आवास में जदयू विधायक दल की बैठक में पार्टी ने एक बार फिर नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया। वहीं भारतीय जनता पार्टी की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है।

जदयू ने नीतीश पर जताया भरोसा
बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास में जनता दल यूनाईटेड के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को पुनः नेता चुना गया। वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने कहा कि बिहार की जनता उत्साहित है और पार्टी के लिए मुख्यमंत्री पद की पहली और अंतिम पसंद नीतीश कुमार ही हैं। मंत्री पद से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि फैसला नीतीश कुमार ही करेंगे। इससे पहले विधायक मनोरमा देवी ने भी कहा कि ‘नीतीश कुमार बिहार के अभिभावक हैं और सबके कल्याण के लिए काम करते रहेंगे।’

भाजपा ने तय किए नए नेता
उधर, भाजपा विधायकों की बैठक पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है, जिससे उनके डिप्टी सीएम बनने के संकेत साफ हो गए हैं। जबकि विजय सिन्हा को उपनेता बनाया गया है, जो दूसरे डिप्टी सीएम की दौड़ में शामिल हैं। हालांकि दूसरे डिप्टी सीएम के नाम पर अभी भी विचार चल रहा है। भाजपा चाहती है कि दोनों डिप्टी सीएम पद उसी के पास रहें। वहीं 19 सीटें जीतने वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक डिप्टी सीएम और तीन मंत्री पद की मांग पर अड़ी है। इस पर भी बातचीत जारी है।

एनडीए की बड़ी बैठक और अमित शाह की एंट्री
दोपहर 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की बैठक होगी, जिसमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और अन्य सहयोगी दलों के विधायक शामिल रहेंगे। नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। इसी बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पटना पहुंचने की भी जानकारी मिली है, जो भाजपा की बैठक में हिस्सा लेंगे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.