हरदोई में शराब माफियाओं पर प्रशासन का वार, 10 दिन तक होगी ताबड़तोड़ कार्रवाई
हरदोई। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुनय झा के निर्देश पर आबकारी, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। अभियान के दौरान शराब माफियाओं, तस्करों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले की सदर, शाहाबाद, संडीला, बिलग्राम और सवायजपुर तहसीलों में पांच संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। इनमें संबंधित उपजिलाधिकारी, आबकारी निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है। टीमें प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से दबिश देकर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाएंगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त माफियाओं और तस्करों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाए। साथ ही संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
उन्होंने प्रदेश स्तर पर संचालित टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9454466019 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन बिना किसी भय के अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना दे सकें। जिन आबकारी दुकानों पर इन नंबरों का अंकन नहीं है, वहां तत्काल अंकित कराने और सभी दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), राज्य कर अधिकारी, प्रभागीय वन अधिकारी और परिवहन निगम के अधिकारियों से भी समन्वय किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से पूरे जिले में गंभीरता के साथ अभियान चलाया जाएगा और किसी भी कीमत पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



