लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर भारी मलबा गिरा, डंपर और जेसीबी क्षतिग्रस्त
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच लखवाड़ बांध परियोजना के निर्माण स्थल पर अचानक भारी मलबा गिरने से एक डंपर और एक जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जब निर्माण कार्य पहले से बंद था और मौके पर कोई श्रमिक या अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लखवाड़ बांध परियोजना का निर्माण कर रही एलएंडटी (L&T) के महाप्रबंधक ए.पी. सिंह ने बताया कि भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए पहले ही निर्माण कार्य रोक दिया गया था। इसी कारण सभी श्रमिकों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी निर्माण स्थल पर भारी मलबा गिरा था। उस दौरान एक जेसीबी चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर दूसरी ओर भागते हुए अपनी जान बचाई थी। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
लगातार हो रहे भूस्खलन और खराब मौसम को देखते हुए परियोजना क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और मौसम सामान्य होने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



