कुल्लू में महिला की मौत पर उबाल, एसपी कार्यालय का घेराव; निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में क्षेत्रीय अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग रथ मैदान, ढालपुर में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय तक रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे और वहां भी विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
समाजसेवी बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में लगातार बारिश के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने महिला की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, पूरे मामले में पारदर्शिता तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग दोहराई।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय और उपायुक्त कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)