बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, व्यवस्थाओं की सराहना के साथ सुधार की भी उठी मांग
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं और सेवा भावना की सराहना की। उनका कहना है कि मंदिरों के शहर में प्रवेश करते ही ऐसा महसूस हुआ मानो पूरा शहर यात्रियों की सेवा में जुटा हो। जगह-जगह लगाए गए लंगर, चाय-पानी और ठहरने की व्यवस्थाओं ने यात्रा को काफी सहज बना दिया।
दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि बारिश और लंबी कतारों के कारण कुछ दिक्कतें जरूर हुईं, लेकिन बाबा बर्फानी के दर्शन की आस्था के सामने ये परेशानियां बेहद छोटी लगती हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित लंगरों में भोजन और अन्य सुविधाएं मिलने से घर जैसा अपनापन महसूस हुआ और कहीं भी भूखे रहने की नौबत नहीं आई।
श्रद्धालुओं ने यह भी बताया कि टोकन और पंजीकरण के दौरान बारिश की वजह से कुछ समय के लिए असुविधा हुई, हालांकि प्रशासन और कर्मचारियों ने तत्काल सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया।
इसके साथ ही कई श्रद्धालुओं ने सुझाव दिया कि टोकन वितरण और कतार प्रबंधन व्यवस्था में और सुधार की जरूरत है। उनका कहना है कि कई लोगों को तीन-तीन दिन तक लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है और लंबे ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन सुझावों पर ध्यान देकर यात्रा को भविष्य में और अधिक सुगम व व्यवस्थित बनाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)