सिरसा में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़े किसान, मुआवजे को लेकर किया विरोध; मौके पर पहुंचा प्रशासन
सिरसा के वैदवाला गांव में हाईटेंशन बिजली लाइनों के टावरों के लिए दिए जा रहे मुआवजे का विरोध करते हुए किसानों ने अनोखा प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान किसान नेता भूपेंद्र सिंह सबसे पहले बिजली टावर पर चढ़ गए। इसके बाद एक दिव्यांग युवक समेत कई अन्य किसान भी टावर पर चढ़ गए, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
किसानों का आरोप है कि उनके खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों और टावरों के बदले उन्हें तय मानकों के अनुरूप मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रदेश के अन्य जिलों, विशेषकर सोनीपत में किसानों को अधिक मुआवजा मिला है, जबकि सिरसा के किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, बिजली निगम की तकनीकी टीम और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे किसानों ने उन्हें टावर पर चढ़ने से रोकने की बात कही।
ग्रामीणों के अनुसार, वैदवाला गांव के खेतों से बड़ी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिसके लिए कई स्थानों पर टावर लगाए गए हैं। सरकार ने इन टावरों के लिए मुआवजा प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन किसान प्रस्तावित राशि से संतुष्ट नहीं हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
फिलहाल प्रशासन किसानों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)