डिंपल यादव का केंद्र सरकार पर हमला, बोलीं- 'सोनम वांगचुक की आवाज दबाना देश की आत्मा को दबाना'
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और शांतिपूर्ण विरोध की भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि असहमति की आवाजों का सम्मान किया जाना चाहिए।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर डिंपल यादव ने लिखा, "बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए हैं। जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है।"
शनिवार सुबह जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति, विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
इस घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर बल प्रयोग किया और उनके साथ भी मारपीट की। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से अलग से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल सोनम वांगचुक का उपचार अस्पताल में जारी है, जबकि उनकी भूख हड़ताल और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



