‘नेहरू और कांग्रेस नेताओं का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते’ — राज्यसभा में खरगे का आरोप
नई दिल्ली (आरएनआई)। संसद के शीतकालीन सत्र में मंगलवार को चुनाव सुधारों पर चल रही चर्चा के दौरान राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष और नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं का अपमान करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते।
खरगे ने वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर सदन में अपने विचार रखते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय गौरव का विषय है, विवाद का नहीं। उन्होंने कहा, “मैं 60 साल से वंदे मातरम गाता आ रहा हूं। संसद में रहते हुए तो यह आदत सी बन गई। लेकिन जो लोग पहले इसे नहीं गाते थे, वे अब गा रहे हैं — इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। यही वंदे मातरम की असली ताकत है।”
उन्होंने महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और उन स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जिन्होंने वंदे मातरम के नारे के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया।
खरगे ने कहा कि इस गीत को स्वतंत्रता आंदोलन का जननारा बनाने में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने अधिवेशनों और कार्यक्रमों में वंदे मातरम के गायन की परंपरा स्थापित की और तभी से यह भारत के सार्वजनिक जीवन में शामिल हुआ।
गृह मंत्री अमित शाह के भाषण का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार कांग्रेस को निशाना बनाने और उसके नेताओं के योगदान को कम करके आंकने की “आदत” से मजबूर है। उन्होंने कहा, “गृह मंत्री केवल वही तथ्य चुनते हैं, जो कांग्रेस को कटघरे में खड़ा कर सकें। पूरा इतिहास नहीं बताया जाता।”
सदन में यह बयान देते समय विपक्षी सांसदों ने मेज थपथपाकर खरगे का समर्थन किया, जबकि सत्ता पक्ष के सांसदों ने तीखी आपत्तियाँ दर्ज कीं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



