दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ, झांकियों ने मोहा मन — पर्यटन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Oct 19, 2025 - 11:00
 0  108
दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ, झांकियों ने मोहा मन — पर्यटन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

अयोध्या (आरएनआई)। दीपोत्सव की शुरुआत रविवार सुबह साकेत महाविद्यालय से झांकियों की भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। लगभग चार किलोमीटर की यह यात्रा रामपथ होते हुए रामकथा पार्क तक जाएगी, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में इसका स्वागत करेंगे।

शोभायात्रा में शामिल 21 झांकियां विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित अयोध्या की उपलब्धियों को दर्शा रही हैं। साथ ही रामायण काल के विविध प्रसंगों की झलक भी देखने को मिल रही है। अलग-अलग राज्यों के लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को और रंगीन बना रहे हैं।

पूरे रास्ते घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। साकेत महाविद्यालय और मार्ग के किनारे स्थानीय नागरिकों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालु और पर्यटक भारी संख्या में मौजूद हैं।

रामकथा पार्क सजा राजदरबार की भव्य थीम पर

रामकथा पार्क को श्रीराम के राज्याभिषेक समारोह की थीम पर सजाया गया है। 90 फीट चौड़े मंच पर शाम को रामदरबार सजेगा। मंच के नीचे साधु-संतों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठेंगे, जो 'परमसत्ता के चरणों में राजसत्ता' की प्रतीकात्मक भावभूमि पेश करेगा।

इस अवसर पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, वेद प्रकाश गुप्त, चंद्रभानु पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता उपस्थित रहे।

दीपोत्सव ने बढ़ाई आजीविका के अवसर

दीपोत्सव सिर्फ आस्था और उत्साह का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय आजीविका का भी माध्यम बन रहा है। बढ़ती पर्यटक संख्या ने कामगार महिलाओं के जीवन में नई रोशनी लाई है। दीपोत्सव मेले में 70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें बांस और मूंज शिल्प, जूट के थाल, प्रसाद बॉक्स तथा अन्य उत्पाद उपलब्ध हैं, जो महिला कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैं।

भगवान श्रीराम की लंका विजयी वापसी की स्मृति में मनाया जाने वाला यह दीपोत्सव रविवार सुबह से ही रामनगरी को सतरंगी रोशनी और उल्लास से आलोकित कर रहा है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.