हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जुए के उधार रुपये मांगने पर रची गई थी हत्या की साजिश, पुलिस ने अवैध तमंचा व अन्य साक्ष्य किए बरामद

Tuesday, February 17, 2026 - 20:00
Updated: 5 months ago
0
हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरदोई (आरएनआई)। थाना लोनार क्षेत्र में गेस्ट हाउस संचालक की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा, कारतूस तथा रक्तरंजित वस्त्र बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को थाना लोनार क्षेत्र के ग्राम मलवा के निकट खेत में गेस्ट हाउस संचालक अनिल कुमार सिंह उर्फ नीशू सिंह, निवासी ग्राम नकटीरा, का शव बरामद हुआ था। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम द्वारा महत्वपूर्ण साक्ष्य भी संकलित किए गए। मृतक के पुत्र अजय कुमार सिंह की तहरीर पर थाना लोनार में मुकदमा संख्या 22/26, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत रिंकू सिंह, धर्मवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। इसी क्रम में 17 फरवरी की रात्रि मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने करसा–बावन मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया गया, किंतु उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम पुत्र धर्मवीर, निवासी ग्राम पुरैरी, थाना लोनार, के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और उसके साथी जुआ खेलने के आदी थे तथा मृतक से अक्सर उधार धन लेते थे। जब मृतक ने अपने उधार दिए गए रुपये वापस मांगने शुरू किए और दबाव बनाया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User