गुना कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी करने के मामले में गुना पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार

Jul 26, 2025 - 20:20
Jul 26, 2025 - 20:40
 0  945
गुना कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी करने के मामले में गुना पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार

गुना (आरएनआई) पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा मिले मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा गुना में ठगी के एक मामले का सक्रियता से खुलासा किया है, जिसमें अज्ञात आरोपी द्वारा गुना कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक स्थानीय व्यक्ति को शातिर तरीके से ठगी का शिकार बनाया था। 

 उल्लेखनीय है कि फरियादी डॉ. पुष्पराग शर्मा निवासी हरिया कॉलोनी कैंट गुना के द्वारा गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को अपने साथ हुई धोखाधडी का एक शिकायती आवदेन पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें बताया था कि 04 जून 2025 की रात में गुना कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल साहब की कथित फेसबुक आईडी के मेसेंजर से उसकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया कि मेरा एक दोस्त CRPF, शिवपुरी में पदस्थ है, जो आपसे बात करेगा और आप उसकी मदद कर देना। इसके बाद फरियादी द्वारा अपना मोबाइल नंबर शेयर किया गया। तत्पश्चात व्हाट्सऐप कॉल के जरिए CRPF अधिकारी ने बताया कि उसका ट्रांसफर होने के कारण वह अपना घर का फर्नीचर व अन्य इलेक्ट्रोनिक सामान बेच रहा है और उनके बीच 80,000 रुपये में सौदा तय हुआ तथा ट्रांसपोर्टेशन चार्ज के नाम पर उससे 20,000 रुपये एडवांस में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए । अगले दिन और 5,000 रुपये मांगने पर उसे कुछ संदेह हुआ और उसने स्वयं कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल साहब से संपर्क किया, जहाँ वास्तविकता सामने आई कि ये पूरी तरह से फर्जीवाड़ा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी द्वारा प्रकरण में तत्परता से जांच के निर्देश दिए गए। निर्देशानुसार पुलिस की तकनीकी टीम द्वारा बारीकी से विश्लेषण किया और संपूर्ण जांच उपरांत 21 जुलाई 2025 को कैंट थाने में अपराध क्रमांक 749/25 धारा 319(2), 318(4) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कैंट थाना पुलिस द्वारा गहन तकनीकी विश्लेषण व निगरानी के बाद प्रकरण में धोखाधडी करने वाले आरोपी को ज्ञात कर जिसकी गिरफ्तारी हेतु कैंट थाने से पुलिस की एक टीम राजस्थान रवाना की गई टीम द्वारा राजस्थान में विभिन्न तकनीकी विश्लेषण व सतत निगरानी उपरांत गत दिनांक 25 जुलाई 2025 को सायबर ठग अजहरुद्दीन पुत्र रणजीत मेवाती उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम नीमली, थाना जैरौली, जिला भिवाड़ी राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया और जिसके मेमो के आधार पर प्रकरण में आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) इजाफा की जाकर आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित मोबाइल व ठगी के बीस हजार रुपये नकदी जप्त किए गए हैं । प्रकरण में गिरफ्तारशुदा आरोपी को आज माननीय न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है ।

               गुना पुलिस अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्राप्त अज्ञात व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कदापि न करें साथ ही संदिग्ध संदेशों या पैसों की मांग किए जाने पर उसका सत्यापन अवश्य करें और कोई भी जानकारी संदेहास्पद लगने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें ।

               कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, सउनि गिरिराज सिंह जाटव, आरक्षक माखन चौधरी,आरक्षक विकाश राजपूत,आरक्षक शुभम रघुवंशी,आरक्षक सचिन शर्मा एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव की विशेष भूमिका रही है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0