आंध्र प्रदेश: वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 श्रद्धालुओं की मौत — पीएम और सीएम ने जताया शोक

Nov 1, 2025 - 17:28
 0  216
आंध्र प्रदेश: वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 श्रद्धालुओं की मौत — पीएम और सीएम ने जताया शोक

श्रीकाकुलम (आरएनआई) — आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को एकादशी के अवसर पर मचा भगदड़ में 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे तब हुई जब एकादशी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर परिसर में पहुंचे थे। प्रवेश द्वार के पास भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भगदड़ के दौरान रेलिंग टूटने से कई लोग गिर पड़े और नीचे दब गए।

काशीबुग्गा सब-डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए स्थानीय पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।

इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। श्रद्धालुओं की मृत्यु हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और अधिकारियों को घायलों को शीघ्र व बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।”

सीएम ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को स्थल पर जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “काशीबुग्गा मंदिर में हुई त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक है। दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में मंदिर परिसर में भारी भीड़ और सीढ़ियों पर अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.