रूस साझा करेगा अत्याधुनिक रक्षा तकनीक, मोदी-पुतिन बैठक में बड़ी सहमति

Dec 6, 2025 - 12:23
 0  162
रूस साझा करेगा अत्याधुनिक रक्षा तकनीक, मोदी-पुतिन बैठक में बड़ी सहमति

नई दिल्ली (आरएनआई)। भारत और रूस ने रक्षा सहयोग को नई दिशा देते हुए यह तय किया है कि साझेदारी अब केवल हथियार खरीद पर आधारित न होकर उन्नत रक्षा प्रणालियों के संयुक्त अनुसंधान, विकास और स्थानीय उत्पादन तक विस्तारित की जाएगी। दोनों देशों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में ‘मेक-इन-इंडिया’ के तहत रूसी हथियारों के स्पेयर पार्ट्स से लेकर आधुनिक लड़ाकू विमानों तक के भारत में निर्माण की योजना पर सहमति बनी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि भारत-रूस रक्षा सहयोग दोनों देशों की विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की मजबूत नींव है। उन्नत रक्षा तकनीकों और प्रणालियों का सहनिर्माण कर भारत की सैन्य जरूरतों के साथ-साथ मित्र देशों को निर्यात की दिशा में भी आगे बढ़ने का रोडमैप तैयार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान सुखोई-57 के भारत में उत्पादन के प्रस्ताव पर भी बात हुई है, जिसके लिए रूस आवश्यक प्रौद्योगिकी हस्तांतरित करने को तैयार है। इसके तहत कई संयुक्त उद्यम स्थापित किए जाएंगे, ताकि रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को नई गति मिल सके। रसद सहयोग समझौते के चलते दोनों देशों की सेनाओं के बीच परस्पर सहायता और अधिक प्रभावी हो जाएगी।

हालांकि किसी बड़े हथियार सौदे जैसे एस-400, एस-500 या फिफ्थ जनरेशन फाइटर जेट की नई खेप की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन चर्चाओं के स्तर पर इन मुद्दों को शामिल किया गया है। किन-किन प्रणालियों के संयुक्त विकास व तकनीकी हस्तांतरण पर सहमति बनी है, इसका विवरण जल्द सामने आ सकता है।

बैठक में शामिल रक्षा मंत्रियों के बीच हुई वार्ता के परिणामों की भी सराहना की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशिष्ट तकनीकों में सहयोग के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया, जिस पर रूस की ओर से भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का पूरा समर्थन देने की बात कही गई।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता दिखावा किए बिना, व्यावहारिक और ठोस तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि भारत-रूस यदि संयुक्त रूप से पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान बना लेते हैं, तो यह वैश्विक रक्षा समीकरणों में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.