बिहार चुनाव में महिलाओं ने तोड़े सभी रिकॉर्ड: 69.20% मतदान, चार जिलों में 80% से अधिक महिला वोटिंग

Nov 13, 2025 - 10:36
 0  135
बिहार चुनाव में महिलाओं ने तोड़े सभी रिकॉर्ड: 69.20% मतदान, चार जिलों में 80% से अधिक महिला वोटिंग

पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार आधी आबादी ने लोकतंत्र के इस महापर्व में इतिहास रच दिया है। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी महिलाओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज़ादी के बाद राज्य में पहली बार 69.20 प्रतिशत की रिकॉर्डतोड़ वोटिंग दर्ज की गई। दिलचस्प बात यह रही कि इस बार पुरुषों की तुलना में महिलाओं का उत्साह काफी अधिक दिखाई दिया।

चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में चार जिलों—किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार—में महिलाओं की भागीदारी 80 प्रतिशत से अधिक रही। सबसे आगे किशनगंज रहा, जहां 88.57 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पुरुषों का प्रतिशत मात्र 69.07 रहा। सुपौल में 83.69 प्रतिशत, पूर्णिया में 83.66 प्रतिशत और कटिहार में 84.13 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला।

पहले चरण में भी महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही थी, लेकिन दूसरे चरण में उन्होंने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। आंकड़े बताते हैं कि पहले चरण में महिलाओं ने पुरुषों से 7.48 प्रतिशत अधिक और दूसरे चरण में 10.15 प्रतिशत अधिक मतदान किया। यह इस बात का प्रतीक है कि अब बिहार की महिलाएं राजनीतिक प्रक्रिया में न केवल जागरूक हैं, बल्कि निर्णायक भूमिका निभाने लगी हैं।

मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे जिलों में भी महिला वोटिंग 75 प्रतिशत से अधिक रही, जो इस जनभागीदारी के नए युग की शुरुआत का संकेत देती है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती सक्रियता से चुनावी रुझानों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सामाजिक कार्यक्रमों, स्व-सहायता समूहों और महिला सशक्तिकरण अभियानों का असर अब मतदान केंद्रों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

14 नवंबर को जब नतीजे आएंगे, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि बिहार की इस ऐतिहासिक महिला भागीदारी का चुनाव परिणामों पर कितना असर पड़ता है। पर इतना तय है कि इस बार बिहार की आधी आबादी ने न केवल लोकतंत्र का उत्सव मनाया है, बल्कि अपनी राजनीतिक चेतना और प्रभाव का नया परिचय भी दिया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.