तनुश्री दत्ता का भावुक वीडियो वायरल, बोलीं- 'अपने ही घर में हो रहा है उत्पीड़न'

अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से आज मंगलवार को एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें वे रोती-बिलखती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस बिलखते हुए कह रही हैं कि उन्हें उनके ही घर में परेशान किया जा रहा है। उनका इस तरीके से शोषण पिछले कई वर्षों से हो रहा है।

Jul 23, 2025 - 09:57
 0  216

नई दिल्ली (आरएनआई) अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया है। आज मंगलवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में अभिनेत्री बिलख-बिलख कर रोती दिख रही हैं। वे कह रही हैं कि पिछले कई वर्षों से उन्हें अपने ही घर में शोषण का सामना करना पड़ रहा है। वे इस स्थिति से तंग आ चुकी हैं और आज उन्होंने पुलिस बुलाई है। तनुश्री ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है।

शेयर किए गए वीडियो में अभिनेत्री रोते हुए कह रही हैं, 'मुझे मेरे ही घर में परेशान किया जा रहा है। मैंने पुलिस को अभी कॉल किया है। पुलिस आई'। उन्होंने आगे कहा कि वे कल पुलिस स्टेशन जाकर तरीके से शिकायत दर्ज कराएंगी। एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं ठीक नहीं हूं। पिछले चार-पांच वर्षों में मुझे इतना परेशान किया गया है कि मेरी तबीयत खराब हो गई है। मैं कुछ काम नहीं कर पा रही हूं। मेरा घर एकदम पूरा मैसी होकर पड़ा हुआ है'। 

तनुश्री ने आगे कहा है, 'मैं अपने घर में मेड्स नहीं रख पा रही हूं, क्योंकि उन्होंने नौकर को प्लांट किया हुआ है। मुझे मेड्स के साथ बहुत बुरे अनुभव हुए। वे आकर चोरी करती थीं और तरह-तरह की चीजें करती थीं। मुझे अपना सारा काम खुद करना पड़ता है। लोग मेरे दरवाजे के बाहर आते हैं और'। हालांकि, तनुश्री ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे लोग कौन हैं और वे किसके बारे में बात कर रही हैं?

तनुश्री ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है, 'मैं इस उत्पीड़न से तंग आ चुकी हूं! यह साल 2018 से चल रहा है। आज तंग आकर मैंने पुलिस को फोन किया। कृपया कोई मेरी मदद करो! इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, कुछ करो'। उन्होंने कैप्शन में हैशटैग मीटू भी लिखा है।

इसके अलावा तनुश्री ने एक अन्य वीडियो भी शेयर किया है। इसमें बिल्कुल अंधेरा नजर आ रहा है, मगर अजीबो-गरीब आवाजें सुनाई पड़ रही हैं। तनुश्री ने कैप्शन में लिखा है कि अक्सर इस तरह की आवाजें आती हैं। उन्हें परेशान किया जा रहा है। एक्ट्रेस ने लिखा है, 'मैंने 2020 से लगभग हर दिन अजीब समय पर अपनी छत के ऊपर और अपने दरवाजे के बाहर इस तरह की तेज आवाजों और अन्य बहुत तेज धमाकेदार आवाजों का सामना किया है! मैं बिल्डिंग मैनेजमेंट से शिकायत करते-करते थक गई और कुछ साल पहले हार मान ली। अब मैं बस इसी के साथ रहती। खुद को इन आवाजों से दूर करने के लिए हिंदू मंत्रों वाले हेडफोन लगाती हूं। आज मैं बहुत बीमार थी। पिछले 5 साल से लगातार तनाव और एंजाइटी के चलते मुझे क्रोनिक फेटीग सिंड्रोम हो गया है। अभी बहुत कुछ है, जिसका जिक्र एफआईआर में करूंगी'।

साल 2018 में तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के खिलाफ साल 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग के दौरान उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। तनुश्री ने अक्तूबर 2018 में ओशिवरा पुलिस स्टेशन में नाना पाटेकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी साल मार्च में मुंबई की अंधेरी कोर्ट ने नाना पाटेकर के खिलाफ तनुश्री दत्ता द्वारा 2018 में लगाए गए 'मीटू' आरोपों पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। मजिस्ट्रेट कोर्ट ने तनुश्री दत्ता की याचिका को यह कहते हुए खारिज किया कि अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा दायर शिकायत में यौन उत्पीड़न के आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है।

तनुश्री दत्ता के हालिया वीडियो पर नेटिजन्स प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई उन्हें दिलासा दे रहा है कि वे मजबूत बनी रहें सब ठीक होगा। वहीं कोई उन्हें अध्यात्म की तरफ जाने की सुझाव दे रहा है। कुछ यूजर्स उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'मेकअप करके कौन रोते हुए वीडियो पोस्ट करता है'?

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.