इंडिगो संकट गहराया: दिल्ली एयरपोर्ट से 134 फ्लाइट्स कैंसिल, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
नई दिल्ली (आरएनआई) इंडिगो एयरलाइन इन दिनों बड़े ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है। सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो की 134 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रद्द उड़ानों में 75 डिपार्चर और 59 अराइवल शामिल हैं।
लगातार फ्लाइट देरी और कैंसिलेशन को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह 6:30 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें सभी यात्रियों से कहा गया कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की अपडेटेड स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
इससे पहले, दिल्ली और मुंबई दोनों ही एयरपोर्ट्स पर दिनभर इंडिगो की उड़ानों में रद्दीकरण और देरी की खबरें आती रही हैं।
डीजीसीए ने थामा कड़ा रुख, एयरलाइन को जारी किया शो-कॉज नोटिस
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के बढ़ते ऑपरेशनल संकट पर सख्त रुख अपनाते हुए एयरलाइन को नोटिस जारी किया है। इसमें विमानन संचालन में प्लानिंग और रिसोर्स मैनेजमेंट की गंभीर खामियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
नोटिस में इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ व अकाउंटेबल मैनेजर पोर्चरास का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। DGCA ने पूछा है कि एयरलाइन के विरुद्ध कार्रवाई क्यों न की जाए।
इंडिगो ने इस नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है।
नए FDTL नियम से बढ़ा संकट
इंडिगो के बड़े पैमाने पर फ्लाइट संचालन प्रभावित होने के पीछे नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों का लागू होना प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
इन नियमों के तहत पायलटों और केबिन क्रू के काम के घंटे सीमित कर दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा मानकों को और बेहतर रखा जा सके। लेकिन इंडिगो समय पर पर्याप्त क्रू उपलब्ध कराने में विफल रही है, जिससे शेड्यूल बिगड़ गया और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



