हरदोई: मंत्री असीम अरुण ने आकाशीय बिजली पीड़ित परिवार को दिलाई 4 लाख की सहायता
सांसद अशोक रावत व विधायक रामपाल वर्मा ने परिजनों को बंधाया ढांढस, हर संभव मदद का दिया भरोसा
हरदोई/कछौना (आरएनआई) बीते 13 मई को आई तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सण्डीला तहसील क्षेत्र के गांव आँट-साँट निवासी छोटे लाल मौर्य की 14 वर्षीय पुत्री अंकिता मौर्य की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुखद घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामपाल वर्मा ने शासन-प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद शासन स्तर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शुक्रवार को समाज कल्याण राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री असीम अरुण, सांसद अशोक रावत तथा विधायक रामपाल वर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने दैवीय आपदा राहत योजना के अंतर्गत पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान कराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार को कृषि भूमि का पट्टा तथा ग्राम पंचायत स्तर से पशु टीन शेड उपलब्ध कराया जाए, जिससे परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि परिवार के छोटे बेटे की शिक्षा की व्यवस्था समाज कल्याण विभाग के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि वह बेहतर शिक्षा प्राप्त कर परिवार का सहारा बन सके। उन्होंने कहा कि दिवंगत अंकिता पढ़ाई में होनहार थी और भविष्य में परिवार व गांव का नाम रोशन कर सकती थी, लेकिन दैवीय आपदा ने एक प्रतिभाशाली बेटी को परिवार से छीन लिया।
सांसद अशोक रावत और विधायक रामपाल वर्मा ने भी पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया और कहा कि वे दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।
इस दौरान एडीएम प्रियंका सिंह, उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया, समाज कल्याण अधिकारी, नायब तहसीलदार अनुपमा वर्मा, कानूनगो रविंद्र सिंह, लेखपाल प्रज्ञा, जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, क्षेत्राधिकारी बघौली प्रवीण कुमार, ग्राम प्रधान तेजपाल वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री द्वारा घर पहुंचकर सहायता और सांत्वना दिए जाने पर मृतका के माता-पिता भावुक हो उठे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



