फ्रैंकफर्ट-हैदराबाद फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से आ रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों को ईमेल के जरिए चेतावनी दी गई थी कि विमान में विस्फोटक मौजूद है और उसे शमशाबाद पहुंचने से पहले निशाना बनाया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट एलएच-754 फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट सिस्टम पर एक धमकी भरा ईमेल पहुंचा, जिसमें विमान में बम होने का दावा किया गया। संदेश मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, सीआईएसएफ और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित तरीके से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतर गया। लैंडिंग के तुरंत बाद फ्लाइट को एहतियातन आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की गहन जांच शुरू की। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनकी भी सुरक्षा जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



