उमस और तेज धूप से दिल्ली बेहाल, आज आंधी और हल्की बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को उमस भरी गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सुबह से ही निकली कड़ी धूप और बढ़ती नमी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ दिनों तक आंधी और हल्की बारिश की वजह से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ था, लेकिन अब तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्म हवाओं और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। हालांकि विभाग ने धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन देर शाम तक मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग ने 13 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मई के बाद तापमान में फिर तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी। 16 और 17 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर लौटने की आशंका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



