रेजंगला के शहीद अहीर सैनिकों की रजत कलश यात्रा मुंगावली पहुँची, अहीर रेजिमेंट गठन की माँग हुई प्रबल
मुंगावली (आरएनआई) भारत-चीन युद्ध 1962 में रेजंगला की ऐतिहासिक लड़ाई में शहीद हुए वीर अहीर सैनिकों की रजत कलश यात्रा शनिवार को मुंगावली पहुँची। नगर में यात्रा के प्रवेश पर जयस्थम्भ चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। नगरवासी, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और अमर गाथा को नमन किया। इस अवसर पर ज्ञानालय परिवार के मुखिया अर्जुन सिंह यादव ने कहा कि रेजंगला की शौर्यगाथा केवल अहीर समाज की ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष की धरोहर है। जिन वीर जवानों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा करते हुए प्राणों का बलिदान दिया, उनका सम्मान देश की आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अहीर समाज ने सदैव देश की सीमाओं की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है, इसलिए अलग अहीर रेजिमेंट का गठन आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह केवल अहीर समाज का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाला कदम होगा। कलश यात्रा के नगर आगमन पर ब्लॉक अध्यक्ष एवं संयोजक दशरथ यादव, युवा मोर्चा तहसील अध्यक्ष रामेश्वर यादव, ज़िला अध्यक्ष खलक सिंह यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रेजंगला के शौर्य को भारतीय सेना के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि वीर अहीरों के अदम्य साहस और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। गौरतलब है कि यह रजत कलश यात्रा 19 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में प्रवेश कर चुकी है और अब तक देश के लगभग 12 राज्यों से होती हुई नगर पहुँची है। यात्रा के साथ शामिल जनों ने हर जगह शहीदों को श्रद्धांजलि दी और अहीर रेजिमेंट के गठन की माँग को मुखर किया। कार्यक्रम के अंत में कलश यात्रा को श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद अहीर अमर रहें” के नारे गूँजते रहे और वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

