मानसून सत्र का चौथा दिन भी बेकार, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

Jul 24, 2025 - 14:58
 0  108
मानसून सत्र का चौथा दिन भी बेकार, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

नई दिल्ली  (आरएनआई) आज संसद के मानसून सत्र का चौथा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में आज भी विपक्ष का हंगामा जारी रहने की आशंका है। इससे पहले तीसरे दिन की कार्यवाही भी हंगामे की भेंट चढ़ गई थी। विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के एसआईआर पर जमकर हंगामा किया। तीसरे दिन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध दूर करने के लिए उपसभापति हरिवंश ने दोनों पक्षों के नेताओं के साथ बैठक की थी।

लोकसभा में दोपहर दो बजे कार्यवाही शुरू होने पर भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। स्पीकर ओम बिरला की गैर हाजिरी में पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदस्यों से शांति और सदन की व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन विपक्षी दलों के सांसदों पर कोई असर नहीं पड़ा। हंगामे और शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही बाधित हुई। उन्होंने व्यवधान नहीं थमता देख कार्यवाही को 25 जुलाई यानी शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी।

राज्यसभा में पीठासीन सभापति भुवनेश्वर कालिता ने दोपहर दो बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की। हालांकि, नारेबाजी और शोरगुल जारी रहा। 15 मिनट तक हंगामा और शोर जारी रहने के चलते पीठासीन सभापति कालिता ने सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी।

बिहार में चनाव आयोग की SIR के खिलाफ एकजुट विपक्ष में शामिल कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा, INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन इस मुद्दे पर हमारी गंभीरता को दर्शाता है। तेजस्वी यादव ने बिहार चुनावों का बहिष्कार करने का एलान किया है। उनका ऐसा करना समस्या की गंभीरता को रेखांकित करता है। यह हल्के में लेने वाली बात नहीं है....जेडीयू सांसद गिरधारी यादव ने खुले तौर पर इसकी आलोचना की है। SIR सर्वदलीय मुद्दा है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा कब लोगों को अपने कार्यकाल में किए गए काम को दिखाकर चुनाव लड़ेगी? बकौल माथेर, भाजपा ने लोगों के लिए अच्छा काम नहीं किया है, वे मतदाता सूची में हेराफेरी करते हैं। मध्य प्रदेश पुलिस के प्रशिक्षु हर रात रामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ करेंगे। इस मुद्दे पर माथेर ने कहा, रामायण का बहुत सम्मान है, लेकिन चौपाइयों को सुनाना अनिवार्य बनाना सांविधानिक लोकाचार के खिलाफ है। इसके बदले संविधान की प्रस्तावना पढ़ना किसी भी भारतीय के लिए अधिक उपयुक्त होगा।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया है कि वे ही सदन नहीं चलाना चाहते। उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष नेताओं को बोलने नहीं दिया जाता। प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने अन्य विपक्षी सांसदों के साथ संसद परिसर में बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले पर विरोध प्रदर्शन भी किया। 

मानसून सत्र के दौरान तीन दिनों से जारी गतिरोध पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, पार्टी चाहती है कि संसद में चुनाव आयोग की तरफ से कराए जा रहे एसआईआर मुद्दे पर चर्चा हो क्योंकि 56 लाख से ज़्यादा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर ही हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बन गया है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी कहा है कि हम संसद में चर्चा चाहते हैं, लेकिन सरकार एसआईआर पर किसी भी तरह की मांग नहीं मान रही है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर को नया उपराष्ट्रपति बनाए जाने की अटकलों पर उन्होंने कहा, सरकार एसआईआर और पहलगाम में पर्यटकों की सुरक्षा में चूक जैसी विफलता और अन्य अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने की रणनीति अपना रही है। असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

संसद के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने कहा, दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली और बिहारी लोगों के घर और दुकानें तोड़ी जा रही हैं... हमने इसका विरोध किया है। पूर्वांचल से समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी हमारे विरोध का समर्थन किया है। हम दिल्ली के पीड़ित लोगों के साथ खड़े हैं... बिहार के लोगों को दिल्ली में परेशान किया जा रहा है, उन्हें बिहार में मतदाता सूची से हटाया जा रहा है, इसीलिए हम विरोध कर रहे हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.