मथुरा में बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद, आकाशीय बिजली गिरने से 52 वर्षीय महिला की मौत
मथुरा (आरएनआई) जिले में मंगलवार सुबह बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक हुई झमाझम बरसात से खेतों और खलिहानों में पड़ी धान और बाजरे की कटी फसलें पानी में डूब गईं। इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
गांव सिहोरा, नगला तेजा, तारापुर, कारब, पचावर, नगला राना, नगला पतिया, रावल, नगला पोला, किशनपुर, खानपुर और बंदी समेत कई गांवों में कटाई शुरू हो चुकी थी। खेतों में भरे पानी से फसलों की बालियों में सड़न की संभावना बढ़ गई है। किसान पहले ही आलू की खराब कीमतों से परेशान हैं, ऐसे में यह बारिश उनके लिए और बड़ा संकट बन गई है।
आकाशीय बिजली से महिला की मौत
इसी दौरान सुरीर थाना क्षेत्र के नगला जगरूपा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 52 वर्षीय मीरा देवी (पत्नी सुरेशचंद्र) की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मीरा देवी वर्षा के दौरान छत पर खुले में रखे चूल्हे को ढंकने गई थीं। तभी मकान पर बिजली गिरी और वे उसकी चपेट में आ गईं। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तेज धमाके से मकान की मुंडेर और झीना की ईंटें टूटकर बिखर गईं। घर का इन्वर्टर और कई विद्युत उपकरण भी फुंक गए। आसपास के दर्जनों घरों में भी बिजली गिरने से इन्वर्टर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए। ग्रामीणों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी जैसे कोई बम फट गया हो।
प्रशासन ने दिलाया सहायता का भरोसा
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार राकेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही गांव में हुए नुकसान का निरीक्षण भी किया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



