"भावांतर योजना" का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ हो, गड़बड़ी करने पर होगी कड़ी कार्रवाई - कलेक्टर

मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिये सभी एसडीएम को दिये निर्देश; पंचायत स्तर पर जनसुनवाई की रिपोर्ट अनिवार्य, हर आवेदन का करें उल्लेख

Sep 29, 2025 - 20:00
 0  135
"भावांतर योजना" का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ हो, गड़बड़ी करने पर होगी कड़ी कार्रवाई - कलेक्टर
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय समय-सीमा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन सहित सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा से हुई। इसके बाद सोयाबीन उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने वाली "भावांतर योजना" पर चर्चा की गयी। जिसमें बताया गया कि किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल पर दिनांक 10 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। खरीदी व्यवस्था को लेकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से होनी चाहिए। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित का लाइसेंस निरस्त, दुकान सील और एफआईआर भी दर्ज कराई जाए। खरीदी केंद्रों पर खरीदी प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी हो। साथ ही एसडीएम जनप्रतिनिधियों, सहकारिता और मंडी सचिवों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
आगामी दिनों में होने वाले मूर्ति विसर्जन को लेकर भी कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुये समस्‍त एसडीएम को आवश्‍यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर वालंटियर, आपदा मित्र, बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। ड्यूटी प्वाइंट पर रोशनी और पीएस साउंड सिस्टम की उपलब्धता भी रहे। मूर्ति विसर्जन यात्रा एक निश्चित मार्ग से निकले, ताकि आकर्षण भी बने और व्यवस्था भी व्यवस्थित रहे।
बैठक में कलेक्‍टर ने पंचायत स्तर पर हर मंगलवार को होने वाली आयोजित होने वाली जनसुनवाई की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनसुनवाई की रिपोर्ट तैयार हो, जिसमें आवेदन की संख्या, अधिकारियों की उपस्थिति और निराकरण का विवरण दर्ज रहे।
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, सीएम मॉनिट, सीएम हाउस और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के समापन पर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को प्रत्येक कार्य को समय-सीमा के अंदर और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाने के लिए निर्देशित किया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0