बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार भिड़ंत में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत, दो बच्चों समेत सभी की जान गई

Nov 4, 2025 - 10:09
 0  162
बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार भिड़ंत में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत, दो बच्चों समेत सभी की जान गई

बाराबंकी (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। देवा-फतेहपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से पिचक गई और शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर कस्बे के भाजपा नेता गिरधर गोपाल की बिना नंबर की नई अर्टिगा कार लेकर मौलवीगंज निवासी प्रदीप रस्तोगी (55) अपने परिवार के साथ कानपुर के बिठूर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में लौटते समय जैसे ही उनकी कार कल्याणी नदी पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी (52), पुत्र नितिन (35), पुत्र कृष्णा (15), कार चालक श्रीकांत (40) और महेंद्र मिश्र उर्फ बाला (45) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल इंद्रकुमार मिश्र (50) और विष्णु नाग (15) को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह इस भीषण सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर चीख-पुकार और सन्नाटा दोनों गूंजते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज रफ्तार से आ रहा था कि चालक के पास ब्रेक लगाने का भी मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद ट्रक कुछ दूर तक घिसटता चला गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है और ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे फतेहपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। रस्तोगी परिवार इलाके में बेहद सम्मानित माना जाता था। पिता और दो बेटों की एक साथ मौत की खबर सुनते ही परिवार और कस्बे के लोगों में मातम पसर गया। देर रात तक उनके घर पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही, हर किसी की आंखें नम थीं।

यह हादसा न केवल एक परिवार को उजाड़ गया, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.