बस स्टाप ज्वालागंज का जाम बना नासूर, पिकेट में तैनात पुलिस कर्मी करते खानापूर्ति

Jul 13, 2025 - 19:07
Jul 13, 2025 - 19:19
 0  54
बस स्टाप ज्वालागंज का जाम बना नासूर, पिकेट में तैनात पुलिस कर्मी करते खानापूर्ति

फतेहपुर (आरएनआई) शहर क्षेत्र में जाम की समस्या कोई नई बात नहीं है। इस समस्या को लेकर कई बार आवाजे भी उठीं लेकिन कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए जिसके चलते यह समस्या अब कोढ़ में खाज की तरह हो गई है। 

बात की जाए तो शहर क्षेत्र के ज्वालागंज रोडवेज बस स्टाप के समीप जाम की समस्या प्रतिदिन की है, क्योंकि यहां रोडवेज परिवहन निगम का बस स्टाप परिसर है। यह परिसर सिर्फ नाम मात्र का है। इस परिसर से सिर्फ लखनऊ व बांदा जाने वाली बसों का ही संचालन होता है और इलाहाबाद, बनारस, गाजीपुर, कानपुर, दिल्ली, इटावा समेत अन्य स्थानों को जाने वाली बसें रोड से ही संचालित होती हैं। जिसके चलते जीटी रोड पर पूरा दिन जाम का झाम देखा जा सकता है। जैसे कोई बस प्रयागराज जनपद से कानपुर जा रही है तो बस चालक बस स्टाप जीटी रोड तक तो आता है लेकिन वह बस को परिसर के अंदर न ले जाकर प्रवेश द्वार से ही बस को मोड़ने लगता है। ऐसे में अगर पीछे से दूसरी बस आ गई तो जाम लगना स्वाभाविक है, क्योंकि इस जीटी रोड मार्ग पर चार पहिया, दो पहिया समेत ई-रिक्शा बड़ी तादाद में निकलते हैं। उधर जाम से निजात दिलाने के लिए पिकेट ड्यूटी में खड़े पुलिस के जवान भी कोई कदम नहीं उठाते। जिससे यह समस्या रोज की बन गई है। इस मार्ग से आपको निकलना है तो जाम से जूझना ही पड़ेगा। 

ई-रिक्शा चालकों की मनमानी
फतेहपुर। बस स्टाप परिसर के इर्द-गिर्द ई-रिक्शा चालकों की भी दिन भर मनमानी देखने को मिलती है। रोडवेज बस के आते ही पंद्रह-बीस रिक्शा संचालक अचानक से बस के आगे व पीछे अपने रिक्शा को खड़ा कर देते हैं और सवारी बैठाने लगते हैं। ऐसे में जाम लगे इनकी बला से। यह तब तक अपना रिक्शा सड़क से नहीं हटाते जब तक सवारियां रिक्शे में न बैठ जाएं। यह सब समीप में बैठे पुलिस के जवान देखते रहते हैं लेकिन कोई कदम उठाने का प्रयास नहीं करते।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0