पीलीभीत में एडीएम से शिकायत करना पड़ा भारी, विहिप के विभाग संगठन मंत्री प्रिंस गौड़ गिरफ्तार, जेल भेजे गए

Nov 8, 2025 - 23:20
 0  108
पीलीभीत में एडीएम से शिकायत करना पड़ा भारी, विहिप के विभाग संगठन मंत्री प्रिंस गौड़ गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पीलीभीत (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री प्रिंस गौड़ को अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऋतु पुनिया के खिलाफ मंडलायुक्त से शिकायत करना भारी पड़ गया। शिकायत के कुछ ही दिनों बाद एडीएम ने पलटवार करते हुए प्रिंस गौड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी, जिसके बाद आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। शनिवार को अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस गौड़ ने कुछ दिन पहले एडीएम ऋतु पुनिया के खिलाफ मंडलायुक्त को एक पत्र भेजकर स्टांप और कॉलोनी मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। पत्र सामने आने के बाद एडीएम ने इसे झूठा और आधारहीन बताते हुए पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रिंस गौड़ ने उनके मृतक माता और ससुर के नाम से बैनामा कराने का गंभीर और मानहानिकारक आरोप लगाया है, जो न केवल आपराधिक है बल्कि उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला भी है।

एडीएम ने तहरीर में यह भी लिखा कि प्रिंस गौड़ ने विश्व हिंदू परिषद के लेटरहेड का दुरुपयोग किया और संगठन के नाम से फर्जी पत्र जारी किया। इस पर परिषद के जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वह पत्र परिषद का आधिकारिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि कूट रचित (फर्जी) है। परिषद ने एडीएम के कार्यों को निष्पक्ष बताया और संगठन के नाम के दुरुपयोग की निंदा की।

पुलिस ने एडीएम की तहरीर के आधार पर प्रिंस गौड़ के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचना (फर्जी दस्तावेज तैयार करना) और शासकीय कार्यों में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गुपचुप तरीके से गिरफ्तार किया और शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा मामला है, जिसमें किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने सीधे तौर पर आरएसएस से जुड़े विहिप के एक बड़े पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और तत्काल गिरफ्तारी कराई।

प्रिंस गौड़ की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद संगठन स्तर पर गहरी नाराज़गी जताई जा रही है। यह मामला अब लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुर्खियों में है और बताया जा रहा है कि इसे मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाया गया है।

फिलहाल, पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, जबकि राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.