दिल्ली बम विस्फोट के बाद एक चौथाई हुईं पाकिस्तान की जाने वाली फोन कॉल, अब व्हाट्सएप-इंस्टाग्राम से बढ़ी निगरानी
कानपुर (आरएनआई) दिल्ली में 10 नवंबर को हुए बम विस्फोट के बाद पाकिस्तान की ओर जाने वाली फोन कॉल में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई है। कॉल ट्रैफिक पहले की तुलना में घटकर लगभग एक चौथाई रह गया है, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। टेलीकॉम कंपनियों से विस्तृत कॉल डेटा मंगाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले प्रतिदिन लगभग 200 कॉल पाकिस्तान की ओर जाती थीं, लेकिन विस्फोट के बाद यह संख्या घटकर 40-50 रह गई है। पाकिस्तान से आने वाली कॉल की संख्या में भी समान रूप से कमी आई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह आम लोगों में डर, सतर्कता या किसी विवाद में फंसने के भय की प्रतिक्रिया हो सकती है।
शहर में पुलिस, एलआईयू, एनआईए, एटीएस और आईबी सहित कई एजेंसियां सक्रिय हैं। 50 से अधिक ऐसे परिवार शहर में रह रहे हैं जिनके रिश्तेदार पाकिस्तान में हैं, जिनसे पहले फोन पर सामान्य बातचीत होती रही है। लेकिन विस्फोट के बाद एजेंसियों ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सर्च और सूचना जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। चमनगंज और बेकनगंज जैसे इलाकों में दबिश भी दी गई।
डॉ. शाहीन और डॉ. परवेज अंसारी के कथित पाकिस्तानी कनेक्शन की भी जांच जारी है। एजेंसियों ने कॉल डेटा निकालकर देर रात और तड़के की गई कॉल की विशेष निगरानी शुरू कर दी है। किस क्षेत्र में कॉल की गईं और कौन-कौन नंबर सक्रिय रहे, इसका विश्लेषण किया जा रहा है।
वहीं, जांच अधिकारियों को यह आशंका भी है कि फोन कॉल में कमी आने के बाद पाकिस्तान में संपर्क व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य इंटरनेट-आधारित कॉलिंग एप्स के माध्यम से किया जा रहा हो सकता है। हालांकि कमिश्नरी स्तर के अधिकारी इस पर आधिकारिक टिप्पणी से बच रहे हैं, लेकिन पुलिस और खुफिया इकाइयां संदिग्ध गतिविधियों पर गुप्त रूप से नजर रखे हुए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



