थाना पाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार के इनामिया अभियुक्त को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

Nov 4, 2025 - 11:07
Nov 4, 2025 - 11:08
 0  1k

हरदोई (आरएनआई) हरदोई पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब थाना पाली पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

घटना का पूरा विवरण :
थाना पाली क्षेत्र के ग्राम कुरसैली निवासी नाबालिग युवती 2 नवम्बर 2025 की दोपहर करीब 2 बजे अपनी सहेली के साथ बकरियां चराने गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 7:44 बजे परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और थाना पाली में मुकदमा अपराध संख्या 470/2025 धारा 137(2)/109/64(1) बीएनएस व 5/6 पास्को एक्ट में अभियुक्त वीपी उर्फ कौशल पुत्र रामविलास निवासी ग्राम कुरसैली थाना पाली के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अगले दिन नाबालिग सकुशल बरामद की गई। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि अभियुक्त वीपी उर्फ कौशल ने उसे बकरियों को चराने के बहाने बुलाया और फिर अकेला पाकर उससे जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त पर गंभीर धाराओं में वृद्धि की गई।

पुलिस ने बनाया विशेष दल, घोषित हुआ इनाम :
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया और अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

4 नवम्बर 2025 को मुखबिर की सूचना पर थाना पाली पुलिस को पता चला कि अभियुक्त वीपी उर्फ कौशल ग्राम दमगड़ा जाने वाले रास्ते पर पेड़ के नीचे मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


मुठभेड़ में घायल हुआ अभियुक्त :
जैसे ही पुलिस टीम ने अभियुक्त को घेरने का प्रयास किया, अभियुक्त ने खुद को बचाने के लिए पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिससे अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने तत्काल उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद भेजा। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किए गए।


अभियुक्त पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज :
घटना के बाद अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 471/2025 धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम की सराहना :
अभियुक्त की गिरफ्तारी और मुठभेड़ में थाना पाली पुलिस टीम की निर्णायक भूमिका रही, जिसमें विशेष रूप से उपनिरीक्षक आकांक्षा सिंह की सराहनीय भूमिका बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक हरदोई ने टीम को प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)