गुना में बुलडोज़र एक्शन: भू माफियाओं से 100 फुट चौड़ा नाला प्रशासन ने कराया आज़ाद

Aug 26, 2025 - 14:44
Aug 26, 2025 - 14:48
 0  459
गुना में बुलडोज़र एक्शन: भू माफियाओं से 100 फुट चौड़ा नाला प्रशासन ने कराया आज़ाद

गुना (आरएनआई) गोपालपुरा से नानाखेड़ी होकर गुनिया में मिलने वाले नाले की चौड़ाई जहां 100 - 100 फुट हुआ करती थी। भूमाफिया दौलत की हवस में दोनों किनारों पर मिट्टी मलबा भर भर कर दीवार बनाकर, पक्के निर्माण कर उसमें से 80 फुट नाला खा गए थे। अब प्रशासन के फौलादी इरादों के बुलडोजर, इस्पात के पंजों से भू माफिया के हलक में से नाला वापस निकाल रहे हैं।

आज राजस्व, नगरपालिका, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के विशेष संयुक्त दल की निगरानी में नानाखेड़ी से गोपालपुरा के बीच बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुबह से ही शुरू हो गई। सूत्रों ने बताया कि नक्शे में यहां नाले की चौड़ाई करीब 100 फुट तक है। जिसे दोनों किनारों पर मिट्टी भरभर कर नाले को कई जगह सिर्फ 20 फुट संकरा कर दिया गया है। नाले के उस पार भविष्य में प्लॉटिंग की जा सके इसके लिए इस पार से उस पार जाने के लिए जगह जगह 15-20 फुट की पुलिया भी बना दी गईं।

इस हिस्से में तकरीबन एक बीघा जमीन पर अतिक्रमण साफ दिखाई दे रहा था, जिसे आज खाली कराया जा रहा है। नाले को पार करने के लिए मनमाने ढंग से बनाई गई आरसीसी की दो अवैध पुलिया आज की कार्यवाही में तोड़ी जा चुकी हैं। ये पुलिया इतनी संकरी हैं कि बाढ़ का पानी नहीं निकल सकता। इसके अलावा सरकारी भूमि में अवैध तरीके से बने कुछ पक्के निर्माण भी तोड़े जा चुके हैं। ये कार्यवाही अभी जारी है।

नाले की जमीन को बपौती मानकर उस पर अवैद्य निर्माण करने वाले लोग पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी को देखकर छुटपुट विरोध ही कर पा रहे हैं। क्षेत्रीय सांसद, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकहित में अतिक्रमण हटाने के निर्देशों के बाद प्रशासन भी अनुचित दवाब में नहीं है। भू माफिया से संबंध निभाने की स्थिति में भी कोई नहीं दिख रहा। कई लोगों की निगाहें भी इस कार्यवाही पर हैं।

इधर एक अधिकारी ने बताया कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को जो भी बाधित करेगा, उसके विरुद्ध सरकारी काम में बाधा डालने के अपराध की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने में देरी नहीं की जाएगी। नालों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूरे शहर के हित में है। इससे शहर का भविष्य सुरक्षित होगा। इसलिए सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

दरअसल, सोमवार को कलेक्ट्रेट  में अफसरों की एक बैठक में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कार्यवाही को लेकर सख्त तेवर दिखाए थे। उन्होंने गुनिया नदी पुनर्जीवन अभियान को लेकर की जा रही कार्यवाही में किसी के भी दवाब में ढिलाई न बरतने के साफ निर्देश दिए हैं। आज सुबह से नालों से प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू हो गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0