मुंगावली: "हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान" अभियान में शिक्षकों ने बढ़ाया शासकीय स्कूलों का गौरव
मुंगावली (आरएनआई) शासकीय शिक्षकों और विद्यालयों की प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के आह्वान पर आज पूरे प्रदेश में "हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान" कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संपूर्ण भारतवर्ष में लगभग 5 लाख विद्यालयों में आयोजित करने का लक्ष्य लेकर शुरू किया गया था, जिसमें मध्य प्रदेश की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही मुंगावली विकासखंड में इस अभियान की कमान जिला संयोजक जितेन्द्र सिंह दांगी के नेतृत्व में संभाली गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के शैक्षणिक योगदान को समाज में सम्मान दिलाना और शिक्षकों के गौरव को पुनर्स्थापित करना रहा। विकासखंड मुंगावली के शासकीय विद्यालयों ने विगत वर्षों में उल्लेखनीय परीक्षा परिणाम देकर यह सिद्ध किया है कि वे किसी भी प्राइवेट स्कूल से कम नहीं हैं। उदाहरण स्वरूप हायर सेकेंडरी विद्यालय बहादुरपुर और हाई स्कूल बिल्हेरू का वार्षिक परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में एक संकल्प पत्र पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह दांगी, तहसील अध्यक्ष पवन शर्मा, गजेन्द्र सिंह दांगी, श्रीमती नीतू चौहान और कुलदीप कांत गुप्ता की टीम ने पूर्ण समर्पण के साथ संपन्न किया। इस टीम ने सोशल मीडिया, प्रत्यक्ष संपर्क और अन्य माध्यमों के जरिए शिक्षकों से संवाद स्थापित कर कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाने हेतु प्रेरित किया। मुंगावली विकासखंड सहित जिले के अधिकांश विद्यालयों में यह आयोजन भव्य और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विद्यालयों से फोटो और वीडियो लिंक के माध्यम से गतिविधियाँ अपलोड की गईं, जिससे यह आयोजन न केवल दस्तावेजीकृत हुआ, बल्कि इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा सके। यह अभियान निश्चित रूप से शासकीय शिक्षकों के मनोबल को ऊँचा करेगा और समाज में सरकारी विद्यालयों की छवि को नया सम्मान प्रदान करेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

