हरदोई में झमाझम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुसीबत — धान सड़ा, आलू पर भी खतरा
हरदोई (आरएनआई) कल शाम हुई तेज बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। खेतों में कटे पड़े धान पानी में डूब गए हैं, जिससे भारी नुकसान की आशंका बन गई है। कई किसानों के खेतों में तैयार फसल अब सड़ने के कगार पर पहुंच गयी है।पहले से ही खाद और यूरिया की किल्लत से जूझते किसानों ने जैसे-तैसे धान की फसल तैयार की थी, लेकिन अब उन्हें उसका उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। मंडियों में धान की कीमत ₹1000 से ₹1700प्रति क्विंटल तक ही मिल रही है, जोकि सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी कम है। किसानों का कहना है कि लागत मूल्य तक नहीं निकल पा रहा है, जबकि पूरे सीजन में खाद, बीज और मजदूरी के दाम दोगुने हो गए।
सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद ठप
किसानों ने बताया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीदने में टालमटोल की जा रही है। नमी और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी न होने का हवाला देकर धान नहीं खरीदा जा रहा। किसानों का कहना है कि “लगातार बारिश में तुरंत कटे धान में नमी होना स्वाभाविक है, लेकिन सरकारी मानकों में इतनी सख्ती है कि खरीद संभव नहीं हो पा रही है।”
अब आलू की फसल पर भी मंडरा रहा खतरा
बारिश ने अब आलू किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। जिन किसानों ने जल्दी बोआई कर दी थी, उनके खेतों में आलू सड़ने का खतरा बढ़ गया है। लगातार पानी भरने से बीज गलने और फसल के खराब होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि अगर बारिश जल्द नहीं थमी तो आलू की बुवाई पर भी बुरा असर पड़ेगा, जिससे अगला सीजन भी प्रभावित हो सकता है।
किसानों की माँग — राहत पैकेज और त्वरित खरीद की व्यवस्था हो
हरदोई जिले में करीब 80 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है। ऐसे में लगातार बारिश, खाद की कमी और कम दामों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसान अब सरकार से राहत पैकेज, शीघ्र धान खरीद, और खाद आपूर्ति में सुधार की मांग कर रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



