हरदोई में ‘चुप्पी तोड़; हल्ला बोल’ परियोजना के तहत बच्चों को किया गया जागरूक
हरदोई (आरएनआई)। आक्रामकता एवं हिंसा के शिकार मासूम बच्चों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर समाधान अभियान द्वारा संचालित “चुप्पी तोड़; हल्ला बोल” परियोजना के अंतर्गत इंडिया पेस्टिसाइड लिमिटेड के सहयोग से संप्रेक्षण गृह हरदोई में बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को बाल यौन शोषण से बचाव, सुरक्षा के उपायों तथा उनके अधिकारों के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संप्रेक्षण गृह अधीक्षक सौरभ पाठक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधि सह परिवीक्षा अधिकारी संजीव कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में बिना किसी भय और संकोच के बाल कल्याण समिति अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बाल कल्याण समिति जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, संरक्षण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा बच्चों के सर्वोत्तम हितों की रक्षा हेतु हरसंभव सहायता प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए हैप्पीनेस गतिविधियों और जलपान की भी व्यवस्था की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मनोरंजक माहौल में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
समाधान अभियान की निर्देशिका सौम्या द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन समन्वयक प्रियांशु अवस्थी, मृदुल अवस्थी एवं सूरज शुक्ला ने किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



