छत पर सोता रहा परिवार, पीछे से नकब लगाकर जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

May 19, 2026 - 21:29
May 19, 2026 - 21:37
 0  5.2k
छत पर सोता रहा परिवार, पीछे से नकब लगाकर जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

हरदोई (आरएनआई) कछौना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। गांवों में खुलेआम सज रहे जुआ के फड़ और युवाओं में बढ़ती नशे की लत के बीच चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। सोमवार रात ग्राम सभा गौहानी के मजरा मंडिलहिया में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

मंडिलहिया निवासी किसान श्रीपाल सोमवार रात अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे पहुंचे और दीवार में नकब लगाकर अंदर घुस गए। चोरों ने घर के भीतर रखे बक्से और सामान खंगाल डाले। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे दीवार में सेंध लगी देख परिजनों के होश उड़ गए।

पीड़ित किसान के अनुसार चोर घर से एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी पायल, चांदी का कमर बिछुआ, पांच साड़ियां तथा करीब पांच हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार बदहवास है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना तत्काल कोतवाली कछौना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में गांव-गांव जुआ के फड़ संचालित हो रहे हैं। युवाओं में तेजी से बढ़ रही जुआ और नशे की प्रवृत्ति अपराध को बढ़ावा दे रही है। लोगों का कहना है कि जुए में पैसा हारने के बाद कई युवक चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की ओर बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा गांवों में रात्रि चौपाल कार्यक्रम चलाकर ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया गया था, जिससे चोरी जैसी घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगा था। लेकिन यह मुहिम बंद होने के बाद क्षेत्र में अपराध फिर बढ़ने लगे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जुआ और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)