हरदोई : प्रदेश में सर्वाधिक हरा चारा उत्पादन पर विशेष सचिव ने जताई प्रसन्नता, बावन गौशाला का किया निरीक्षण
हरदोई (आरएनआई) पशुपालन department के विशेष सचिव देवेंद्र पांडे ने बुधवार को जनपद हरदोई का दौरा कर संरक्षित गोवंशों के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे हरे चारे, गौशालाओं की व्यवस्थाओं तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया।
विशेष सचिव ने सबसे पहले साहोरा क्षेत्र में लगभग 25 एकड़ भूमि पर बोई गई नेपियर घास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से घास उत्पादन, उसकी गुणवत्ता तथा संरक्षित मवेशियों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे चारे की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रदेश में सर्वाधिक हरा चारा बोए जाने और उसके बेहतर उत्पादन पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
इसके उपरांत उन्होंने विकासखंड बावन स्थित गौशाला का भ्रमण किया, जहां तैयार कराई जा रही नेपियर घास की व्यवस्था को देखा। गौशाला पहुंचने पर उन्होंने विधिवत गो-पूजन किया तथा गायों को गुड़ और चना खिलाया। गौशाला परिसर में रोपित आम के बाग का भी निरीक्षण किया। बाग की बेहतर स्थिति देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे गौशाला की आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव ने गौशालाओं में संरक्षित मवेशियों की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों तथा ब्लॉक मॉनिटरिंग सिस्टम की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंशों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पोषण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बावन गौशाला में स्थापित गोबर गैस प्लांट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उससे उत्पादित बिजली तथा उस बिजली से संचालित आटा चक्की को देखा और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा और संसाधनों के बेहतर उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर सहभागिता योजना के अंतर्गत कुपोषित बच्चों वाले एक परिवार को गाय प्रदान की गई। वहीं विशेष दुग्ध सप्ताह के अवसर पर उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली पांच महिला लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, दुग्ध केन एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पशुपालन विभाग के अपर निदेशक डॉ. अजय कनौजिया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित सिंह सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



