मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण अग्निकांड, ICU में मची अफरातफरी; पांच मौतों की पुष्टि, 20 से अधिक प्रभावित
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में रात करीब दो बजे कथित शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों व परिजनों के बीच अफरातफरी मच गई।
हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में औराई निवासी 30 वर्षीय शशांक कुमार, कथैया की गीता देवी, शिवहर के उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी शामिल हैं। वहीं करीब 20 लोगों के हताहत होने की सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी सभी आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। अस्पताल के आईसीयू और अन्य वार्डों से कई मरीजों को बाहर निकाला गया, जिनमें से कुछ बेहोशी की हालत में थे। गंभीर मरीजों को आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। शुरुआती बचाव कार्य अस्पताल कर्मियों ने शुरू किया, लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिस और दमकल विभाग को मोर्चा संभालना पड़ा। दमकल अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण बताया है।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य देर तक जारी रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



