सासाराम में स्ट्रांग रूम पर हंगामा: मतगणना स्थल में ट्रक घुसने से मचा हड़कंप, जांच शुरू

Nov 13, 2025 - 10:32
 0  162
सासाराम में स्ट्रांग रूम पर हंगामा: मतगणना स्थल में ट्रक घुसने से मचा हड़कंप, जांच शुरू

सासाराम (आरएनआई)।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सासाराम में बने मतगणना स्थल पर बुधवार की मध्यरात्रि उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक ट्रक अचानक स्ट्रांग रूम परिसर के भीतर घुस गया। ट्रक के प्रवेश करते ही वहां मौजूद प्रत्याशियों के समर्थकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मतगणना स्थल के बाहर हंगामे का माहौल बन गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने हंगामा कर रहे समर्थकों पर लाठीचार्ज किया, हालांकि पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें खाली बक्से पाए गए। डीएम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है और यदि किसी भी तरह की अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्रक के स्ट्रांग रूम में प्रवेश करने की खबर फैलते ही शहर में अफवाहें फैल गईं कि ईवीएम बदली जा रही है। कुछ ही देर में सातों विधानसभा क्षेत्रों के कई प्रत्याशी और उनके समर्थक मतगणना स्थल के बाहर पहुंच गए और रातभर वहीं डटे रहे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रत्याशियों ने जताई नाराजगी
करगहर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संतोष मिश्रा ने इस घटना की लिखित शिकायत चुनाव पर्यवेक्षक को सौंपी है। वहीं काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि उनके समर्थक शांतिपूर्वक अपनी मांग रख रहे थे, लेकिन पुलिस ने बिना कारण लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने मांग की कि ट्रक के परिसर में प्रवेश की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए। आरजेडी प्रत्याशी सतेंद्र शाह ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि स्ट्रांग रूम पूरी तरह सुरक्षित है और चौबीसों घंटे निगरानी में रखा गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। इस मामले में चेनारी विधानसभा के आरओ सह एडीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

सासाराम में यह घटना उस समय हुई है जब पूरे राज्य में चुनावी माहौल चरम पर है और मतगणना की तैयारियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पहले ही सतर्क बताया जा रहा था। अब इस घटना ने मतगणना स्थल की सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.